प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में रात्रि शिविर का भव्य आयोजन, 465 विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास, सहयोग, प्रेम और भाईचारे की भावना विकसित करने के उद्देश्य से वार्षिक रात्रि शिविर (ओवरनाइट कैंप) का आयोजन किया गया। 3 अक्टूबर को अपराह्न 2:30 बजे से 4 अक्टूबर को प्रातः 10:20 बजे तक आयोजित शिविर में नर्सरी से कक्षा 10 तक के लगभग 465 विद्यार्थियों ने अभिभावकों के बिना विद्यालय परिसर में रात्रि प्रवास किया।
शिविर में विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा सहजपाल, निदेशकगण डॉ. सुशील गुप्ता, सुनीता गुप्ता, शलभ गुप्ता एवं ईशा गुप्ता सहित अतिथिगण श्रीजा गुप्ता (एसबीआई), पल्लवी राय (मैनेजर एचआर), डॉ. चीनू अग्रवाल एवं डॉ. रविंद्र अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
शिविर का शुभारंभ ‘पूल बैश’ तैराकी प्रतियोगिता से हुआ, जिसमें नर्सरी से कक्षा पांच तक के करीब 194 विद्यार्थियों ने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया। विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों, निदेशकगण, प्रधानाचार्या एवं शिक्षकों ने पुरस्कृत कर शुभकामनाएं दीं।
कक्षा छह से दस तक के विद्यार्थियों के लिए ‘मिनी ओलंपिक’ के अंतर्गत म्यूजिकल चेयर, डॉजबॉल, रस्साकशी एवं खो-खो जैसी टीम आधारित गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों में टीम भावना, समन्वय और सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा दिया।
रात्रि शिविर का प्रमुख आकर्षण रास-गरबा रहा। नर्सरी से कक्षा 10 तक के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने रंग-बिरंगे परिधानों में गरबा कर सांस्कृतिक एकता एवं सौहार्द का संदेश दिया। भोजन के दौरान विद्यार्थियों ने गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
अगली सुबह विद्यार्थियों ने योग एवं जुम्बा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद 12 वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके जादूगर अखिलेश जायसवाल ने मैजिक शो प्रस्तुत कर विद्यार्थियों का भरपूर मनोरंजन किया।
कक्षा 10-बी की छात्रा सृष्टि गर्ग ने शिविर की सफलतापूर्वक आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। अविस्मरणीय अनुभवों और सुनहरी यादों के साथ रात्रिकालीन शिविर का समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




Comments
Post a Comment