अप्सा फिएस्टा 2026 के पोस्टर का हुआ भव्य विमोचन
आगरा। एसोसिएशन ऑफ प्रोग्रेसिव स्कूल्स ऑफ आगरा (अप्सा) द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेल महोत्सव ‘अप्सा फिएस्टा’ के वर्ष 2026 के आयोजन का औपचारिक शंखनाद हो गया। इसी क्रम में आज, 1 अक्टूबर 2026 को गायत्री पब्लिक स्कूल, वजीरपुरा में अप्सा फिएस्टा 2026 के वार्षिक पोस्टर का विमोचन किया गया।
अप्सा फिएस्टा का उद्देश्य आगरा के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान कर उनमें प्रतिभा, आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग, एकता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करना है। इस वर्ष फिएस्टा में अप्सा के 60 सदस्य विद्यालयों के 10 हजार से अधिक विद्यार्थी साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों में प्रतिभाग करेंगे।
अप्सा के वार्षिक फिएस्टा का शुभारंभ 5 अक्टूबर को गायत्री पब्लिक स्कूल में तथा पुरस्कार वितरण समारोह 17 अक्टूबर 2026 को प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में आयोजित होगा।
अप्सा फिएस्टा 2026 की विशेषताएँ
• आयोजन की अधिकांश प्रक्रियाएँ डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएँगी, जिससे पेपर की बचत होगी।
• पर्यावरण संरक्षण एवं संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर विशेष जोर रहेगा।
• 10,000 से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता होगी।
• प्रत्येक छात्र को , साहित्य, संगीत, नृत्य एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति की विविध विधाओं में प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
अप्साध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं एवं खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, भाईचारा, सहयोग और एकता जैसे मानवीय गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि अप्सा उत्तर प्रदेश में निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने वाली प्रमुख संस्थाओं में से एक है।
इस वर्ष साहित्यिक एवं सांस्कृतिक फिएस्टा की 17 गतिविधियाँ, 57 वर्गों में, 26 विद्यालयों में आयोजित की जाएँगी तथा श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
अप्सा सचिव डॉ. गिरधर शर्मा ने बताया कि इस वर्ष फिएस्टा आयोजन की विशेषता पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी है। उन्होंने आगे कहा कि जीत और हार परिस्थितियों पर निर्भर हो सकती है, लेकिन प्रतिभागिता जीवन में सफलता की पहली सीढ़ी है।
कोषाध्यक्ष प्रद्युम्न चतुर्वेदी ने कहा कि इस वर्ष फिएस्टा का मुख्य उद्देश्य 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों को एक मंच प्रदान करना है। प्रत्येक प्रतिभागी अपने विद्यालय का प्रतिनिधित्व करता है।
संयुक्त सचिव एवं फिएस्टा समन्वयक त्रिलोक सिंह राणा व उपाध्यक्ष डॉ. जी.एस. राणा ने बताया कि सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने के लिए उन्हें प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएँगे।
फिएस्टा के अंतर्गत ड्रॉइंग एंड पेंटिंग, एकल एवं समूह गायन, हिंदी एवं अंग्रेजी निबंध लेखन, हिंदी एवं अंग्रेजी वाद-विवाद, एकल एवं समूह नृत्य, रंगोली, कोलाज, फैंसी ड्रेस, एलोक्यूशन, कलात्मक लेखन, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।
इस अवसर पर डॉ. सुशील गुप्ता (अध्यक्ष-अप्सा), डॉ. गिरधर शर्मा (सचिव-अप्सा), प्रद्युम्न चतुर्वेदी (कोषाध्यक्ष-अप्सा), डॉ. जी.एस. राणा (उपाध्यक्ष सी.बी.एस.ई.-अप्सा), फादर रॉय डोल्फस (उपाध्यक्ष आई.सी.एस.ई.-अप्सा), त्रिलोक सिंह राणा (संयुक्त सचिव-अप्सा), सीमा सहजपाल, युवराज राणा, डॉ. मानवेंद्र शर्मा, मनीष गुप्ता, रेनू त्रिवेदी, डॉ. फ़िरोज़ खान, बीना उपाध्याय, पूर्णिमा सिंह, डी. के. अधिकारी आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही।



Comments
Post a Comment