प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में भक्तिमय अंदाज में मना श्री कृष्ण प्राकट्योत्सव, शिक्षकों का हुआ सम्मान
‘देशी ब्लिंग’ थीम पर शिक्षक दिवस समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के सभागार में 7 सितंबर को श्री कृष्ण प्राकट्योत्सव एवं शिक्षक सम्मान समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। जन्माष्टमी प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन और गीता के उपदेशों पर विचार प्रस्तुत किए। विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता एवं श्रीमती सुनीता गुप्ता तथा प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल ने भगवान श्रीकृष्ण का पूजन एवं आरती की।
नन्हे-मुन्ने बच्चों की नृत्य प्रस्तुति, कृष्ण लीला पर आधारित नृत्य नाटिका और मटकी फोड़ कार्यक्रम ने माहौल को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना दिया। निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि श्रीकृष्ण के गीता उपदेश आज भी सभी के लिए अनुकरणीय हैं।
इसके बाद ‘देशी ब्लिंग : सेलिब्रेटिंग विजडम इन स्टाइल’ थीम पर शिक्षक दिवस समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को पुष्पांजलि अर्पित कर शिक्षकों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नृत्य, मॉर्डन बॉलीवुड स्किट और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा।
विद्यार्थियों ने शिक्षकों को गरिमामयी उपाधियों से सम्मानित किया तथा मनोरंजक खेलों का आयोजन किया। प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता बताते हुए उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि शिक्षक समाज की नींव होते हैं और भावी पीढ़ी को शिक्षित एवं संस्कारवान बनाने में उनकी अहम भूमिका है। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।



Comments
Post a Comment