प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में राष्ट्रप्रेम, प्रतिभा और सृजनशीलता से सजा स्वतंत्रता दिवस समारोह
आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में देशभक्ति, प्रतिभा और सृजनशीलता से ओत-प्रोत 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ विद्यार्थियों की साहित्यिक, सांस्कृतिक, संगीत एवं नृत्य प्रतिभाओं का मनमोहक प्रदर्शन देखने को मिला।
स्वतंत्रता दिवस केवल देश की स्वतंत्रता का उत्सव नहीं, बल्कि उन अमर वीरों के त्याग, साहस और राष्ट्रप्रेम को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। इसी भावना को आत्मसात करते हुए विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। तिरंगे के सम्मान में पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति एवं गौरव की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
समारोह के मुख्य अतिथि श्री शशि भूषण शिरोमणि रहे। स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े उनके अनुभव तथा सामाजिक सेवा, शिक्षा, वास्तुकला और राष्ट्रनिर्माण के प्रति उनका समर्पित जीवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा ।
प्रधानाचार्या के संबोधन के पश्चात हेड बॉय ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका और कर्तव्यों पर प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए। इसके बाद प्री-प्राइमरी के नन्हे प्रिल्यूडियंस ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।
समारोह का विशेष आकर्षण विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘अक्षरा 2025-26’ का विमोचन रहा। ‘अक्षरा’ विद्यार्थियों की साहित्यिक प्रतिभा, रचनात्मक अभिव्यक्ति, उपलब्धियों एवं विद्यालय की विविध गतिविधियों का जीवंत दस्तावेज है।
मुख्य अतिथि के परिचय एवं अभिनंदन के पश्चात श्री शशि भूषण शिरोमणि ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी आशीर्वचन प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता के मूल्यों को समझने, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
इंटरैक्ट जिला सम्मेलन में विद्यालय ने RID 3110 के 110 विद्यालयों में सर्वश्रेष्ठ इंटरैक्ट क्लब का गौरव प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में छह प्रतिष्ठित जिला स्तरीय सम्मान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। सम्मानित विद्यार्थियों में हर्ष भारद्वाज, अंशुमन सिकरवार, अपार शल्या, अर्ज रागिनी सारस्वत, अंशिका मिश्रा एवं साक्षी भोजवानी शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त शिवांश मुरवरिया, उज्ज्वल अग्रवाल एवं अक्षर मिश्रा को जिला टीम में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। क्लब सलाहकार सुश्री चांदनी अरोड़ा को उत्कृष्ट मार्गदर्शन एवं नेतृत्व के लिए एक्टिव क्लब एडवाइजर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
विद्यालय को ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता अभियान में उत्कृष्ट सेवा के लिए विशेष उल्लेख तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के लिए ग्रीन स्कूल प्रमाण-पत्र भी प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में ‘Inter House Melody Masters’ — समूह गान प्रतियोगिता आयोजित की गई। कक्षा छ: से आठ के विद्यार्थियों ने विभिन्न सदनों का प्रतिनिधित्व करते हुए सुर, ताल, सामंजस्य और आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुतियाँ दीं।
कक्षा नौ से बारह के विद्यार्थियों के लिए ‘Groove Galaxy’ — समूह नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। चारों सदनों के विद्यार्थियों ने ऊर्जा, रचनात्मकता, अनुशासन और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय देते हुए मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। उनकी शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सुश्री ललिता करमचंदानी — सुप्रसिद्ध गायिका, लेखिका एवं मंच कलाकार; सुश्री रुचि शर्मा — प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना एवं प्रशिक्षिका; तथा सुश्री उर्वशी शर्मा — प्रतिभाशाली कथक नृत्यांगना, संगीत शिक्षिका एवं मंच कलाकार उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिताओं के उपरांत निर्णायकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके सुर, ताल, भावाभिव्यक्ति, अनुशासन, रचनात्मकता एवं सामूहिक प्रयास की प्रशंसा की।
दोनों प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे -
Melody Masters-
प्रथम — एंड्रोमेडा सदन
द्वितीय — पेगासिस सदन
तृतीय — ओरायन सदन
चतुर्थ — फीनिक्स सदन रहा।
वहीं Groove Galaxy में भी
प्रथम — एंड्रोमेडा सदन
द्वितीय — पेगासिस सदन
तृतीय — ओरायन सदन
चतुर्थ — फीनिक्स सदन रहा।
दोनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, रचनात्मकता और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन करते हुए समारोह को यादगार बना दिया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए आशीर्वचन प्रदान किए। उन्होंने प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा करते हुए विजेता विद्यार्थियों एवं सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनकी मेहनत, प्रतिभा और सामूहिक प्रयास की सराहना की।
समारोह के समापन अवसर पर डिप्टी हाउस गर्ल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात ‘AKS Band’ की शानदार अंतिम प्रस्तुति ने वातावरण में जोश, उमंग और देशभक्ति का नया उत्साह भर दिया।

Comments
Post a Comment