अप्सा ने 49 मेधावी व निर्धन छात्राओं को बांटे छात्रवृत्ति के चैक; मुख्य अतिथि डॉ. रुचि चतुर्वेदी ने जगाई शिक्षा व आत्मनिर्भरता की अलख

महिला सशक्तिकरण की मिसाल 'अप्सा': सेंट एंड्र्यूज में आयोजित समारोह में बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए दिया ₹24-24 हजार की छात्रवृत्ति का सम्बल

आगरा। 27 अगस्त: सेंट एंड्र्यूज स्कूल, बरौली अहीर (आगरा) के वातानुकूलित सभागार में ‘अप्सा गर्ल्स चाइल्ड हायर एजुकेशन छात्रवृत्ति कार्यक्रम’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रसिद्ध राष्ट्रीय कवयित्री डॉ. रुचि चतुर्वेदी तथा एसोसिएशन ऑफ प्रोग्रेसिव स्कूल्स ऑफ आगरा (अप्सा) के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं सभी गणमान्य जनों का पौधे व बैज भेंटकर भावभीना अभिनंदन किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने ‘हनुमान चालीसा’ पर अत्यंत मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर संपूर्ण सभागार को भक्तिमय कर दिया। इसके अलावा मधुर गीतों, प्रेरणादायी कविताओं की प्रस्तुति और आकर्षक मंच संचालन ने उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया।

49 बेटियों को मिली उच्च शिक्षा की छात्रवृत्ति

'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' और महिला सशक्तिकरण के संकल्प को साकार करते हुए अप्सा द्वारा प्रतिवर्ष मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को उच्च शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस वर्ष 49 चयनित छात्राओं को मुख्य अतिथि व अप्सा के पदाधिकारियों द्वारा छात्रवृत्ति के चैक प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि डॉ. रुचि चतुर्वेदी का ओजस्वी संबोधन

मुख्य अतिथि डॉ. रुचि चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में बालिकाओं की शिक्षा, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने छात्राओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। जब उन्होंने अपने ओजस्वी काव्य पाठ की प्रस्तुति दी, तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और सभी ने खड़े होकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

अप्सा की ऐतिहासिक पहल: 12 वर्षों में दिए ₹29.36 लाख

अप्सा के सचिव डॉ. गिरधर शर्मा ने बताया कि संस्था पिछले 12 वर्षों से यह पुनीत कार्य कर रही है और अब तक निर्धन एवं मेधावी छात्राओं की उच्च शिक्षा के लिए ₹29,36,000/- (उनतीस लाख छत्तीस हजार रुपये) की छात्रवृत्ति वितरित की जा चुकी है। इस वर्ष 49 छात्राओं का चयन कर अप्सा ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक चयनित छात्रा को ₹8,000 का चैक प्रदान किया गया है और अगले तीन वर्षों में कुल ₹24,000 की छात्रवृत्ति दी जाएगी।

व्यक्तिगत स्तर पर भी मिली बड़ी आर्थिक सहायता

कार्यक्रम के दौरान अप्सा उपाध्यक्ष एवं सिंबॉयजिया वर्ल्ड स्कूल के निदेशक डॉ. जी.एस. राणा ने अपनी ओर से दो मेधावी छात्राओं को विशेष आर्थिक मदद की घोषणा की:

 * परी कटारा (सेंट एंड्र्यूज स्कूल, बरौली अहीर) को तीन वर्षों के लिए ₹51,000/-

 * सान्या खान (भारतीय विद्यापीठ बाल भारती स्कूल, विभव नगर) को तीन वर्षों के लिए ₹36,000/- की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

देशभर में अनूठी पहल: डॉ. सुशील गुप्ता

अप्साध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि अप्सा द्वारा आयोजित यह समाजोपयोगी कार्यक्रम पूरे देश में अपनी तरह का एक अनूठा प्रयास है, जिसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली बेटियों को उनके स्वर्णिम भविष्य के लिए एक सार्थक मंच दिया जा रहा है।

गणमान्य जनों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर अप्सा के कोषाध्यक्ष प्रद्युम्न चतुर्वेदी, संयुक्त सचिव त्रिलोक सिंह राणा, मनीष गुप्ता, कर्नल अपूर्व त्यागी, सुमित उपाध्याय, अनिल यादव, डॉ. फ़िरोज़ खान, रवि नारंग, विनय गुप्ता, शेखर भारत सिंह, डॉ. देवव्रत शर्मा, युवराज राणा सिंह, प्रांजल शर्मा, अपूर्वा शर्मा, शिवांजल शर्मा, ओशिन शर्मा एवं गुंजन पुंडीर मुख्य रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम की सफलता में सेंट एंड्र्यूज स्कूल की प्राचार्या साहिबा खान, बी.डी. दुबे, रेहाना परवीन, अनीता मुद्गल, नीरजा शर्मा, अमित कुमार, रंजीत सिंह, जितेंद्र शर्मा, संजय शर्मा, धीरेश राजपूत एवं वाई.पी. सिंह का सराहनीय योगदान रहा।


Comments

Popular posts from this blog

डॉ. सुशील गुप्ता लगातार पाँचवी बार (2018-28) निर्विरोध पुनः अप्सा के अध्यक्ष चुने गए

सूरसदन में वार्षिक उत्सव 2025 का भव्य आयोजन - दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत, बच्चों की कृष्ण लीला पर आधारित प्रस्तुतियों ने जीता हृदय

प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में हुआ प्रस्तावना कॉनक्लेव 2.0 (निर्वाचिका सभा) अंतर्विद्यालयी समिति आधारित वाद-विवाद प्रतियोगिता का गरिमामय आयोजन