सशस्त्र बल की इकाइयों में भविष्य संवारने को बेताब बेटियां, मिले एनसीसी 'ए', 'बी' और 'सी' प्रमाण पत्र

आगरा। वन यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, बालूगंज, आगरा द्वारा एनसीसी 'ए', 'बी' एवं 'सी' प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बलकेश्वर, आगरा में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल शैलेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि के आगमन एवं एनसीसी कैडेटों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक 'गार्ड ऑफ ऑनर' के साथ हुआ।

कार्यक्रम में वन यूपी गर्ल्स बटालियन के अंतर्गत आने वाले 13 शैक्षणिक संस्थानों के एनसीसी कैडेट्स, प्रधानाचार्य, एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (एएनओ) तथा केयरटेकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का स्वागत एवं प्रस्तावना एएनओ कैप्टन नीलम कान्त ने प्रस्तुत की।

इसके उपरांत एनसीसी 'ए', 'बी' एवं 'सी' प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स के साथ-साथ विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों एवं प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुल 368 कैडेट्स को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

अपने प्रेरक संबोधन में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल शैलेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि, "एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक तरीका है। यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करता है। आज प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले सभी कैडेट्स देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। मुझे विश्वास है कि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनेंगे। सफलता पुरुषार्थ से प्राप्त होती है और अनुशासन ही महान व्यक्तित्वों की पहचान है। एनसीसी प्रत्येक कैडेट को एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा देती है।"

कार्यक्रम के अंत में एएनओ कैप्टन सुरत प्यारी ने आयोजन स्थल उपलब्ध कराने एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की प्रबंधिका श्रीमती बीना शर्मा एवं प्रधानाचार्या श्रीमती चारु पटेल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर, एडम मैडम, समस्त स्टाफ, विभिन्न संस्थानों से आए प्रधानाचार्यों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट सरिता चौहान ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं एनसीसी सॉन्ग के साथ गरिमामय वातावरण में हुआ।


संवाददाता: धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा...

Comments

Popular posts from this blog

डॉ. सुशील गुप्ता लगातार पाँचवी बार (2018-28) निर्विरोध पुनः अप्सा के अध्यक्ष चुने गए

सूरसदन में वार्षिक उत्सव 2025 का भव्य आयोजन - दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत, बच्चों की कृष्ण लीला पर आधारित प्रस्तुतियों ने जीता हृदय

प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में हुआ प्रस्तावना कॉनक्लेव 2.0 (निर्वाचिका सभा) अंतर्विद्यालयी समिति आधारित वाद-विवाद प्रतियोगिता का गरिमामय आयोजन