प्रिल्यूड में हुआ ऐतिहासिक , आध्यात्मिक आयोजन : सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पावन अवशेष का पुण्यदायी आगमन
आगरा। 2 अप्रैल, 2026 को प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल व द आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा आयोजित "प्रथम ज्योतिर्लिंग यात्रा"* के अंतर्गत हजारों वर्ष प्राचीन सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के सपर्या (विशेष पूजा) का अत्यंत पुण्यदायी व भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का सुअवसर प्राप्त हुआ, जिसमें सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के 1000 वर्षों तक संरक्षित पावन अवशेषो के सुलभ दर्शन, विशेष अभिनंदन एवं पूजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में आदिदेव महादेव की 'सपर्या' नामक विशेष पुण्यदायी पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने संकल्पित पुस्तिका में 54 लाख बार "ॐ नमः शिवाय"लिखकर ज्योतिर्लिंग को समर्पित किया। कार्यक्रम का प्रारंभ भोलेनाथ शिव की वंदना एवं आरती के साथ हुआ। तत्पश्चात आर्ट ऑफ लिविंग के सदस्यों द्वारा शिव भजन प्रस्तुत किए गए। मंत्रमुग्ध करने वाले भजनों से सभी श्रद्धालुओं का मन आह्लादित हो उठा और भक्तों के जयकारों की गूँज ने तो समस्त वातावरण ही शिवमय कर दिया।फिर सोमनाथ ज्योतिर्लिंग कथा का वाचन, सपर्या (विशेष पूजन), शिव चालीसा का सामूहिक गायन कर संपूर्ण वातावरण शिवानुभूति से आनंदित हो गया।कार्यक्रम के अंत में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के एपेक्स सदस्य.द्वारा धन्यवाद ज्ञापन दिया गया।इस विशेष धार्मिक आयोजन में शहर के आदि गणमान्य व्यक्ति, प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के शिक्षकगण और छात्र, आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के सदस्य, स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करके सुखद स्मृतियों के साथ यह पुण्यवादी आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ ।

Comments
Post a Comment